ग्लोबल रिपोर्ट एवं विशेष कवरेज
मुंबई / तबूक:
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई (Flydubai) की फ्लाइट FZ1073 में 34,000 फीट की ऊंचाई पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। उड़ते विमान के कॉकपिट में सह-पायलट (को-पायलट) ने अचानक हमला कर दिया और प्लेन को तेजी से क्रैश करने की नीयत से नीचे की तरफ मोड़ दिया। इस बेहद गंभीर स्थिति में मुंबई के घाटकोपर निवासी और श्री ब्रह्मक्षत्रिय खत्री समाज के होनहार बेटे कैप्टन स्मित मच्छर ने अपने अदम्य साहस और समयसूचकता से न केवल हमलावर का सामना किया, बल्कि 174 से अधिक यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की जान बचाई ।
कॉकपिट में खौफनाक मोड़ और जांबाजी
उड़ान के दौरान जब बोइंग 737 जेट सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर था, तब अचानक विमान में हलचल शुरू हो गई। सह-पायलट ने हिंसक हमला करते हुए कैप्टन स्मित को घायल कर दिया और नियंत्रण छीनकर प्लेन को तेजी से नीचे गिराने की कोशिश की।
खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने हार नहीं मानी। उन्होंने असाधारण हिम्मत दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा अंदर से अनलॉक किया, जिससे अन्य क्रू मेंबर्स और सतर्क यात्रियों ने अंदर आकर हमलावर को काबू में कर लिया। इसके बाद इमरजेंसी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
दुनियाभर से मिल रही सराहना और बधाई
इस ऐतिहासिक और साहसिक कार्य के बाद वैश्विक स्तर पर कैप्टन स्मित मच्छर की सराहना हो रही है। भारत के प्रधानमंत्री, विभिन्न देशों के नेताओं और उड्डयन जगत की प्रमुख हस्तियों ने उनके इस अदम्य साहस को नमन किया है।
कैप्टन स्मित इस घटना में घायल हुए थे और उनका तबूक के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
समाज और देश का संदेश
"हमें बेहद गर्व है कि हमारी ज्ञाति के वीर भाई कैप्टन स्मित मच्छर ने न केवल हमारे श्री ब्रह्मक्षत्रिय खत्री समाज का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे भारत वर्ष को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित किया है। हम उनके इस असाधारण साहस और सफलता पर उन्हें सहृदय बधाई देते हैं तथा ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे शीघ्र पूर्णतः स्वस्थ होकर पुनः अपने कर्तव्य पर लौटें । घाटकोपर, मुंबई के मच्छर परिवार और हमारे रियल हीरो स्मित मच्छर को पूरे देश का सैल्यूट!"

No comments:
Post a Comment